[smartslider3 slider="2"]

चकिया को 262.50 लाख रुपये की बड़ी सौगात, रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण का शिलान्यास

Connect With Social Media

चकिया(चन्दौली) चकिया नगर के बहुप्रतीक्षित रोडवेज बस स्टेशन के पुनर्निर्माण का सपना अब साकार होने जा रहा है। परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा 262.50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने के बाद रविवार को स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य ने रोडवेज परिसर में विधिवत शिलान्यास किया।
परियोजना का निर्माण कार्य कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस तथा उत्तर प्रदेश जल निगम वाराणसी इकाई द्वारा कराया जाएगा। लंबे समय से जर्जर पड़े रोडवेज स्टेशन के कारण व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
बताया जाता है कि स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर विधायक लगातार प्रदेश सरकार से प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर पत्र सौंपा था, जिसके परिणामस्वरूप यह धनराशि स्वीकृत हुई।
गौरतलब है कि विधायक के प्रयास से पूर्व चकिया से वाया रामनगर होते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय तक चार रोडवेज बसों का संचालन शुरू कराया गया था, लेकिन पिछले कई महीनों से सेवा बंद है और वर्तमान में स्टेशन से एक भी बस संचालित नहीं हो रही है।
इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि चकिया का रोडवेज स्टेशन क्षेत्र की जीवनरेखा है। पुनर्निर्माण के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी तथा उनकी प्राथमिकता जल्द से जल्द बस संचालन पुनः शुरू कराना है, ताकि छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को राहत मिल सके।


भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि पुनर्निर्माण के बाद यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और नगर के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में एनआरएम सुनील दत्त, परियोजना प्रबंधक योगेश गुप्ता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, उमाशंकर सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कैलाश जायसवाल, राकेश मिश्रा, दुलारें गोड़, गुरुदेव चौहान, दीपचंद जायसवाल, प्रदीप मौर्या, राममूरत कुशवाहा, राजू माली सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!