
नियामताबाद चन्दौली- (धर्मेंद्र प्रजापति )-
क्षेत्र में रविवार को पीडीए (पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक) साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोकतंत्र को मजबूत करना और ‘मिशन-2027’ के संकल्प को साकार करना था। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
यात्रा का नेतृत्व समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष डॉक्टर बिरेंद्र कुमार बिन्द ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पचफेड़वा स्थित अहीरा वीर बाबा स्थान से हुआ। आदर्श इंटर कॉलेज के प्रबंधक वसीम अहमद ने समाजवादी पार्टी का झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

साइकिल यात्रा पचफेड़वा से शुरू होकर बरहुली, खरगीपुर, देवई, नरैना, महदेउल, गोपलापुर, मच्छरिया, कम्हरियां, पचोखर, पाण्डेयपुर, सिरसी, रेमा और धपरी होते हुए कठौरी गांव में संपन्न हुई। रास्ते में जगह-जगह ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया।
यात्रा के दौरान युवाओं से विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की गई। ‘आपका वोट — आपका अधिकार, 2027 में हमारी सरकार’ जैसे नारों से क्षेत्र गूंज उठा। वक्ताओं ने लोकतंत्र में मतदान को सबसे बड़ा अधिकार बताया।
वक्ताओं ने समाज के पिछड़े, दलित, आदिवासी व अल्पसंख्यक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने को समय की मांग बताया। उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संतोष पासवान, दिनदयाल, रामबली, इन्द्र देव कुमार, रामबली बिन्द सहित अन्य कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।