
चकिया (चंदौली)- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मानदेय वृद्धि की घोषणा के बाद शिक्षा मित्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है। शनिवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ के मण्डल अध्यक्ष वाराणसी भूपेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षा मित्रों का एक प्रतिनिधिमंडल चकिया विधायक कैलाश आचार्य से मिला।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को मिठाई खिलाकर, माला एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया तथा माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 20 फरवरी को विधानसभा में शिक्षा मित्रों का मानदेय 18,000 रुपये तथा अनुदेशकों का मानदेय 17,000 रुपये किए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षा मित्रों ने विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार प्रकट करते हुए कहा कि वर्ष 2017 से लगातार मानदेय वृद्धि की मांग की जा रही थी। लंबे इंतजार के बाद सरकार द्वारा की गई इस घोषणा से शिक्षा मित्रों को आर्थिक संबल मिलेगा और वे और अधिक उत्साह के साथ शिक्षण कार्य कर सकेंगे। मण्डल अध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि यह निर्णय शिक्षा मित्रों के संघर्ष और सरकार की सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल से लागू होने के बाद हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष ओपी सिंह, जिला संगठन मंत्री नर्वदेश्वर मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष बृजेश सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष शहाबगंज मनोज तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष चकिया लालजी राम, शिक्षक नेता अजय सिंह, दीनदयाल, सुमित कुशवाहा, रमेश प्रजापति, नीतू सिंह, जामवंत मौर्य, कन्हैया गुप्ता, मकसूदन सहित बड़ी संख्या में शिक्षा मित्र उपस्थित रहे।