
मुगलसराय। शहर के सदस्य उत्तर प्रदेश कमेटी एवं पूर्व शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और 25 सांसदों को कथित रूप से गोली मारने की धमकी दिए जाने की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रामजी गुप्ता ने जारी बयान में कहा कि एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी दी गई है। उनके अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को भारतीय जनता पार्टी और करणी सेना से जुड़ा होने का दावा किया है तथा कथित रूप से भाजपा का झंडा धारण किए हुए तस्वीरें साझा की हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तस्वीरें भी अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर लगाई हुई हैं।
रामजी गुप्ता ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि को इस प्रकार की धमकी मिलती है तो यह न केवल व्यक्तिगत सुरक्षा का मुद्दा है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भी सीधा हमला है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने आगे कहा कि देश में नफरत और हिंसा की राजनीति को बढ़ावा देना लोकतंत्र के लिए घातक है। किसी भी राजनीतिक मतभेद का समाधान हिंसा या धमकी नहीं हो सकता। प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए रामजी गुप्ता ने संबंधित एजेंसियों से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।