
मुगलसराय (दीनदयाल नगर) के विधायक रमेश जायसवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपने विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस मुलाकात में विधायक ने क्षेत्र की देवतुल्य जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि के रूप में अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी को निभाते हुए जनता की आवश्यकताओं को शासन तक पहुंचाया।
विधायक रमेश जायसवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सड़क निर्माण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। प्रमुख मांगों में सुभाष पार्क से चकिया तिराहे तक एलिवेटेड पुल का निर्माण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुल के पास से चकिया तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण एवं रेलवे पुल का विस्तार, पंडित कमलापति स्नातकोत्तर महाविद्यालय का जीर्णोद्धार एवं साइंस/कॉमर्स में पीजी कक्षाएं प्रारंभ करना शामिल है।
इसके अलावा, चंदौली जिला पंचायत संचालित बालिका इंटर कॉलेज में विज्ञान संकाय की पढ़ाई शुरू करने, नियामताबाद में अर्धनिर्मित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निर्माण पूर्ण कर पढ़ाई शुरू कराने, चंदौली पॉलिटेक्निक इंटर कॉलेज के जर्जर भवन का जीर्णोद्धार, चंदौली पॉलिटेक्निक ग्राउंड में मिनी स्टेडियम निर्माण प्रस्ताव को स्वीकृति देने की मांग की गई।
विधायक ने ग्राम सभा कुंडलियां में मिनी स्टेडियम हेतु भूमि से अवैध कब्जा हटाकर धन आवंटन, नगर पालिका दीनदयालनगर में भव्य पार्क का निर्माण, नगर पालिका दीनदयालनगर एवं नगर पंचायत चंदौली में महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण, त्वरित विकास योजना के अंतर्गत गांवों की महत्वपूर्ण सड़कों के लिए धन आवंटन की भी मांग की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा भूमि चिन्हित किए जाने पर पार्क निर्माण संभव होगा। विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं और आगे भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि काम करने वाले जनप्रतिनिधि से अपेक्षाएं भी अधिक होती हैं, लेकिन पूर्व प्रतिनिधियों की तुलना में वर्तमान में विकास कार्यों में स्पष्ट अंतर देखा जा सकता है।
इस मुलाकात को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।