
चंदौली। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सम्पन्न एसएलबीसी की विशेष बैठक के अंतर्गत प्राप्त निर्देशानुसार शुक्रवार को जनपद चंदौली में वृहत ऋण शिविर का आयोजन उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान की अध्यक्षता में नियामताबाद ब्लॉक के सभागार में किया गया। इस शिविर में विभिन्न सरकारी प्रायोजित योजनाओं के बारे में जनमानस को विस्तार से जानकारी दी गई।

शिविर में लोगों को ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा प्रदान की गई ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर का मुख्य केंद्र बिंदु मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना रहा। इसके अंतर्गत लगभग 40 आवेदनकर्ताओं को विभिन्न बैंकों से आए शाखा प्रबंधकों द्वारा स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर विभिन्न बैंकों द्वारा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 60 ऋण स्वीकृत किए गए। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक सुनील कुमार भगत, जिला विकास अधिकारी नाबार्ड विजेंद्र कुमार एवं जिला उद्योग केंद्र के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

शिविर का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
