
चंदौली के सकलडीहा कस्बे और हाइवे मार्ग पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव और सीओ स्नेहा तिवारी ने पैदल भ्रमण कर सड़क और नालों पर से अवैध कब्जे हटवाए। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को तीन दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है।
सकलडीहा तहसील क्षेत्र में आए दिन लगने वाले जाम और दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में, सीओ और तहसीलदार ने सघन तिराहा से लेकर सकलडीहा अलीनगर तिराहा और कस्बे में भ्रमण किया। इस दौरान सड़क पर लगी ठेला और पटरी दुकानदारों को हटवाया गया। अधिकारियों ने सड़क और नालों पर दुकान लगाने वालों तथा चबूतरे बनाने वालों को तीन दिन के अंदर अपना अवैध अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया।

चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया जाएगा और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रिकवरी भी की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती से दुकानदारों में खलबली मच गई है।
इस कार्रवाई के दौरान सीओ स्नेहा तिवारी, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, कोतवाल भूपेंद्र निषाद, वरूणेन्द्र राय, दिनेश कुमार, विजय शंकर चौहान, राणा प्रताप यादव सहित भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल मौजूद रहा।