[smartslider3 slider="2"]

दिनदहाड़े बड़ी चोरी: 20 लाख के जेवरात और 70 हजार नकदी लेकर फरार, गांव में हड़कंप

Connect With Social Media

चंदौली।सकलडीहा  कोतवाली क्षेत्र के सरेहुआ कला गांव में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर करीब 20 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सरेहुआ कला निवासी अनिल पांडेय गांव में ही सड़क किनारे पशु आहार की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी उसी स्थान पर ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। बुधवार सुबह की तरह परिवार के सभी सदस्य घर में ताला बंद कर दुकान पर चले गए और बेटी सानिया पांडेय स्कूल चली गई। दोपहर करीब दो बजे सानिया स्कूल से लौटकर दुकान पहुंची और मां के साथ खाना खाने घर आई।


घर का ताला खोलकर अंदर प्रवेश करते ही दोनों के होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी व बक्से खुले थे। इसी बीच छत पर किसी के चलने की आवाज सुनकर सानिया छत पर गई तो चार-पांच नकाबपोश युवक पड़ोस के अर्धनिर्मित मकान में कूदकर भागते दिखाई दिए। सानिया ने तुरंत पिता को सूचना दी, जिसके बाद अनिल पांडेय घर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को खबर दी गई।
पीड़ित के अनुसार चोर दो जोड़ी सोने की चूड़ियां, दो मंगलसूत्र, मांग टीका, चार सोने की चेन, अंगूठियां, सोने का नेकलेस समेत अन्य कीमती जेवरात और 70 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वाराणसी में रह रहे छोटे भाई सुधीर पांडेय व अन्य परिजन भी गांव पहुंच गए। घटना के बाद परिवार सदमे में है और घर की महिलाएं रो-रोकर बेहाल हैं।
मौके पर पहुंचे कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि शिकायतकर्ता का घर गांव के बीच स्थित है, ऐसे में दिन में चोरी की घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!