
चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर कम्युनिटी पुलिसिंग एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति विशेष अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत एंटी रोमियो टीमों द्वारा बाजारों, कस्बों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से संबंधित जानकारी दी जा रही है। पुलिस टीमों ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जनसंपर्क कर महिला संबंधी समस्याओं के निस्तारण के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन और योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं के लिए संचालित प्रमुख सरकारी योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, पति की मृत्यु पर निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन व सखी निवास—के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों, जैसे घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध व प्रतितोष) अधिनियम-2013, दहेज निषेध अधिनियम-1961 (संशोधित 1986) तथा पीसीपीएनडीटी अधिनियम-1994 के प्रावधानों से भी आमजन को अवगत कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी महिलाओं को दी जा रही है, ताकि वे किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस विभाग का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित व सशक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।
