
चंदौली। (अशोक कुमार जायसवाल) जनपद में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई हैं। इस वर्ष जिले में कुल 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 63,755 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 31,715 तथा इंटरमीडिएट के 32,040 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।
पहले दिन हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा कड़ी निगरानी में संपन्न कराई जा रही है। मुगलसराय स्थित नगर पालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर छात्र-छात्राओं की सघन जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। केंद्र पर पुलिस बल व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में परीक्षार्थियों की तलाशी लेकर परीक्षा कक्ष तक भेजा गया, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और नकलविहीन व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

परीक्षाओं को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह के अनुसार निगरानी के लिए 06 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 82 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों के स्ट्रांग रूम में प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।

डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल करने या कराने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई होगी। छात्र के साथ नकल कराने वालों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं।

