
चंदौली- जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और मुआवजे व कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार कंदवा थाना क्षेत्र के ककरैत गांव निवासी 26 वर्षीय आशुतोष, जो पेशे से शिक्षक थे, मंगलवार सुबह कोचिंग पढ़ाने के लिए बाइक से निकले थे। सैयदराजा–जमानिया मार्ग पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आशुतोष की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक तेज गति में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। चक्काजाम के कारण मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।