
पं दीनदयाल उपाध्याय नगर- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने दीनदयालनगर रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में एकत्र होकर वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए 40 वीर जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:30 बजे स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण के साथ हुआ। इसके बाद सभी ने शहीदों की स्मृति में दीप प्रज्ज्वलित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर संघ के काशी विभाग के सामाजिक सद्भाव प्रमुख डॉ. अनिल यादव ने कहा कि 14 फरवरी शहादत का एक प्रतिमान बन चुका है। उन्होंने उल्लेख किया कि 40 शहीदों में जनपद के बहादुरपुर निवासी अवधेश यादव भी शामिल थे, जिनकी वीरता और बलिदान को देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी शक्तियों को सदैव मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के पर्यावरण संयोजक संतोष उपाध्याय तथा नगर कार्यवाह भुवनेश्वर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में सभी स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मंडल संरचना में सामूहिक उद्घोष के साथ यह संकल्प लिया कि उनका जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहेगा और वे सदैव एकजुट रहेंगे।
इस अवसर पर नगर प्रचारक अंकित, रोहित यादव, रोहित जायसवाल, राजेश चौहान, सोनू पटेल, मलय रंजन, पार्थ, राजीव नागवंशी, सतीश जिंदल, आलोक सिंह, चंदेश्वर जायसवाल, गुरदीप सिंह सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।