
चंदौली। जनपद के धीना थाना क्षेत्र में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां रकम दोगुनी करने का लालच देकर एक महिला से करीब 40 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनायतपुर गांव की रहने वाली पीड़िता ने थाने में शिकायत देते हुए बताया कि शुक्रवार दोपहर वह अपने पति जयप्रकाश राजभर के साथ कमालपुर स्थित इंडियन बैंक में रुपये निकालने गई थी। बैंक के अंदर एक युवक ने फॉर्म भरने में मदद की। रुपये निकालने के बाद वही युवक उनके साथ बाहर निकला और करीब 500 मीटर दूर जाने पर रकम दोगुनी कराने का लालच देने लगा।
आरोप है कि युवक ने जयप्रकाश से कहा कि वह बाइक लेकर आता है और फिर रुपये दोगुना करवा देगा। इस पर जयप्रकाश ने पत्नी को घर भेज दिया और खुद युवक का इंतजार करते रहे, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार के बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद पीड़िता ने धीना थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपित की पहचान की जा सके।
इस संबंध में धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जल्द ही आरोपित की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।