
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शुक्रवार को विकास खंड सदर कार्यालय पहुंचकर विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ऑनलाइन शिकायत रजिस्टर, सर्विस बुक, योजनाओं की प्रगति, शिकायत पंजिका तथा मनरेगा पटल से संबंधित रजिस्टरों की गहन जांच की। साथ ही जनसुनवाई व्यवस्था, कार्यालय की साफ-सफाई, प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी पत्रावलियों और अन्य व्यक्तिगत अभिलेखों का भी अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को मूल रजिस्टर तैयार रखने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं।
उन्होंने आम नागरिकों से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न पटलों पर संतोषजनक कार्य पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की सराहना भी की और आगे भी इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

