
चंदौली मुगलसराय (धर्मेंद्र प्रजापति)- कटरिया में गुरुवार को मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर कामकाज ठप कर जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। मजदूरों ने आरोप लगाया कि सरकार श्रमिक विरोधी नीतियां लागू कर उनके अधिकारों का हनन कर रही है।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कहा कि सरकार पुराने श्रम कानूनों को समाप्त कर नए बिल लागू करना चाहती है, जो मजदूरों के हित में नहीं हैं। उनका आरोप था कि यदि किसी कंपनी में मजदूरों को समय पर मजदूरी नहीं मिलती है, तो पहले 10 प्रतिशत अतिरिक्त जोड़कर भुगतान करने का प्रावधान था, जिसे समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नए कानूनों में कई खामियां हैं और इससे मजदूरों का शोषण बढ़ेगा।

मजदूर नेताओं ने चारों लेबर कोड का विरोध करते हुए कहा कि यह मजदूरों के कल्याण के बजाय मालिकों को फायदा पहुंचाने वाला कदम है। उनका कहना था कि वर्ष 2019-20 में इन कानूनों को जल्दबाजी में पारित किया गया और पिछले कई वर्षों से मजदूर-किसानों के संघर्ष के कारण इन्हें लागू नहीं किया जा सका। मजदूरों ने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव के बाद जल्दबाजी में इन्हें लागू करने की कोशिश की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि श्रम विरोधी बताए जा रहे इन कानूनों को वापस नहीं लिया गया तो मजदूर आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे और संघर्ष तेज करेंगे।
जुलूस में मुख्य रूप से अरविंद यादव, सुनील पांडेय, अरुण सिंह, कन्हैया यादव, अमरनाथ, राजेश सिंह, आरती सिंह, संतोष विश्वकर्मा, विक्रम यादव, गुलाब सहित बड़ी संख्या में मजदूर शामिल रहे।