
मुगलसराय- थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 12 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कपड़े से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान शुभम उर्फ काजू (12), पुत्र सुनील खेरवार, निवासी भोजपुर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जलीलपुर पुलिस चौकी तथा डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

परिजनों के अनुसार, शुभम पिछले लगभग एक वर्ष से अपनी मौसी के घर भोजपुर गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि दोपहर करीब 2:30 बजे फोन के जरिए परिवार को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। परिजनों का कहना है कि किशोर कुछ समय से बीमार भी चल रहा था।

घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
मुगलसराय पुलिस ने बताया कि मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सीओ अरुण कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि दिन में लगभग सवा तीन बजे ग्राम भोजपुरी चुरहट, थाना मुगलसराय क्षेत्र में एक किशोर ने अपने घर के अंदर फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा।
मौके पर पहुंचकर देखा गया कि एक लड़का, जिसकी पहचान काजू उर्फ शुभम खरवार के रूप में हुई, अपने घर के दरवाजे के लोहे के एंगल से लटका हुआ था। उसके गले में घर की साड़ी से बना फंदा लगा हुआ था। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की गई तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।