
चंदौली।सकलडीहा क्षेत्र के सम्मानित पूर्व सैनिक एवं सेवानिवृत्त कैप्टन वशिष्ठ नारायण मिश्रा का 94 वर्ष की आयु में उनके पैतृक निवास बंशीपुर में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
सूचना प्राप्त होते ही वेटरन्स एसोसिएशन के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के प्रतिनिधि उनके निवास पर पहुंचे और दिवंगत कैप्टन को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी गई और उपस्थित पूर्व सैनिकों व ग्रामीणों ने “कैप्टन वशिष्ठ नारायण मिश्रा अमर रहें” के नारे लगाए।
गार्ड ऑफ ऑनर देकर दी सलामी, 94 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस; पूर्व सैनिकों ने लगाए “अमर रहे” के नारे
कैप्टन मिश्रा अपने सरल स्वभाव, अनुशासन और देश सेवा के लिए क्षेत्र में विशेष रूप से जाने जाते थे। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी वे समाज सेवा और पूर्व सैनिकों के हितों के लिए सक्रिय रहे। उनके निधन से पूर्व सैनिक समुदाय और क्षेत्रीय लोगों में गहरा शोक व्याप्त है।
अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।