
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित एक लान में बारात समारोह के दौरान मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और पांच अज्ञात सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित पक्ष वार्ड नंबर 5, डाक बंगला रोड निवासी हिमांशु आर्या ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि वह 10 फरवरी को अपने मित्र की बारात में ज्योति मंगल लॉन, मुगलसराय गए थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रिंस जायसवाल और उसके पांच साथियों व कुछ अन्य लोगों ने उन पर चोरी का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों को यह जानकारी थी कि वह अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं। इसके बावजूद उन्होंने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों, हाथ-मुक्कों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। घटना में हिमांशु आर्या और उनके साथी प्रभाकर पाठक को गंभीर चोटें आई हैं।

तहरीर में यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपी उन्हें थाने तक ले गए और धमकी देते हुए चले गए।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।