[smartslider3 slider="2"]

भोजपुर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव: जल निकासी व सड़कों की कमी, बीमारियों का खतरा बढ़ा

Connect With Social Media

चंदौली।जनपद के नियामताबाद विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा भोजपुर में बुनियादी सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण गलियों और सड़क किनारे गंदा पानी जमा रहता है, जिससे कीचड़ और दुर्गंध का माहौल बना हुआ है।
गांव की कई गलियों में अब तक इंटरलॉकिंग या पक्की सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। बरसात और नालियों के अभाव में जलभराव की स्थिति लगातार बनी रहती है, जिससे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा के कामों के लिए निकलना भी चुनौती बन गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गंदे पानी के जमाव और मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। नियमित सफाई न होने से स्थिति और खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन अब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है।
इस संबंध में ग्राम प्रधान सीमा पटेल ने बताया कि गांव में सफाई कर्मियों की संख्या कम होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य सड़कों का निर्माण कराया जा चुका है और शेष छोटी गलियों में भी फंड उपलब्ध होते ही इंटरलॉकिंग व नाली निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन और ग्राम पंचायत के प्रयास जल्द धरातल पर उतरेंगे और भोजपुर गांव के लोगों को जल निकासी, सड़क और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं से राहत मिल सकेगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!