
चंदौली। चहनिया विकासखंड में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मेगा विधिक सहायता शिविर के दौरान एक अहम फैसला सामने आया। मुख्य अतिथि सीनियर सिविल जज डॉ. इंदु रानी ने ग्राम पंचायत सेवड़ी हुदहुदीपुर में विशेष लीगल एडवाइजरी क्लिनिक खोलने का निर्देश दिया। यह निर्णय पंचायत में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों और ‘शून्य मुकदमेबाजी’ के रिकॉर्ड से प्रभावित होकर लिया गया।
शिविर के लिए पहले से तीन अन्य ग्राम पंचायतों का चयन किया गया था, लेकिन संयोगवश सेवड़ी हुदहुदीपुर के ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह को जज डॉ. इंदु रानी के समक्ष अपनी पंचायत का परिचय देने का अवसर मिला। प्रधान रिंकू सिंह ने पंचायत में कराए गए विकास कार्यों और अब तक मिले 16 पुरस्कारों की जानकारी दी, जिनमें हाल ही में राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किए गए दो सम्मान भी शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और खंड विकास अधिकारी राजेश नाईक ने जज को अवगत कराया कि प्रधान रिंकू सिंह के कार्यकाल में गांव में एक भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है और अधिकतर विवाद गांव स्तर पर ही सुलझा लिए जाते हैं। इस पहल से प्रभावित होकर जज डॉ. इंदु रानी ने तत्काल प्रभाव से सेवड़ी हुदहुदीपुर में विधिक सहायता क्लिनिक खोलने का निर्देश जारी कर दिया।
चर्चा के दौरान गांव के आधुनिक बुनियादी ढांचे पर भी प्रकाश डाला गया। पंचायत में मॉडर्न लाइब्रेरी, पंचायत भवन, राशन गोदाम, अमृत सरोवर, मनरेगा पार्क और पशु चिकित्सालय जैसे कई विकास कार्य किए गए हैं। जज डॉ. इंदु रानी ने प्रधान के मोबाइल पर विकास कार्यों की तस्वीरें देखकर उनकी सराहना की।
करीब 30 मिनट तक चली इस विशेष चर्चा के बाद डॉ. इंदु रानी ने कहा कि समाज को रिंकू सिंह जैसे ऊर्जावान युवाओं की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही ग्राम पंचायत सेवड़ी हुदहुदीपुर का दौरा कर विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी।
इस निर्णय से ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर ही विधिक परामर्श और सहायता उपलब्ध होने की उम्मीद जगी है।