
चंदौली। शिवसेना की जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को नगर पंचायत क्षेत्र के सावजी पोखरा स्थित श्री राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आगामी महाशिवरात्रि के अवसर पर वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और माता श्रृंगार गौरी के दर्शन-पूजन तथा जलाभिषेक को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का मुख्य एजेंडा महाशिवरात्रि पर शिवसैनिकों की वाराणसी यात्रा का आयोजन रहा। इस दौरान तय किया गया कि चंदौली से बड़ी संख्या में शिवसैनिक वाराणसी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ और माता श्रृंगार गौरी के दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों और यात्रा व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिला संगठन प्रमुख अजय पासवान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा विश्वनाथ और माता श्रृंगार गौरी मंदिर हिंदुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। उन्होंने धार्मिक ग्रंथों का उल्लेख करते हुए बताया कि बाबा विश्वनाथ और माता पार्वती के दर्शन-पूजन से मोक्ष की प्राप्ति होती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें अपने आराध्य देव बाबा विश्वनाथ के दर्शन से रोका जा रहा है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर चंदौली जिला मुख्यालय से शिवसैनिकों का जत्था वाराणसी जाएगा और वहां विधि-विधान से दर्शन-पूजन व जलाभिषेक किया जाएगा।
बैठक में रामनिवास यादव उर्फ पप्पू, आकाश, राजू जायसवाल, छन्नू यादव, आरती, मनीष भारती, रितेश अग्रहरि, संतोष गुप्ता, सभासद संजय कनौजिया, अमरेश पासवान सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।