चंदौली- अलीनगर थाना अंतर्गत कटरिया गांव में बीती रात कतिपय युवक द्वारा आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। इस आगजनी में पीड़ित राजेश कुमार पटेल के खेत में रखा पुआल जलकर पूरी तरह राख हो गया।

●बताया जा रहा है कि अचानक खेत से आग की लपटें उठती देख राजेश कुमार पटेल और उनके परिजन मौके पर पहुंचे और तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड जफरपुर चौकी एवं डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम, चौकी इंचार्ज एवं 112 पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के खेतों को बड़ी क्षति होने से बचा लिया गया।

●पीड़ित राजेश कुमार पटेल द्वारा इस मामले को लेकर थाने पर पहुंचकर लिखित तहरीर दी गई है। पीड़ित का आरोप है कि यह आग मनमाड गांव के एक युवक द्वारा जानबूझकर लगाई गई है।
इस संबंध में जब चौकी इंचार्ज गिरीश राय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना रात्रि की है। पीड़ित द्वारा एक युवक पर आगजनी का आरोप लगाया गया है। तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
