
चंदौली – अलीनगर थाना क्षेत्र के हिन्दवारी गांव में मनबढ़ों का कहर देखने को मिला, जहां घर में घुसकर धारदार बल्लम से 18 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं बीच-बचाव करने आई उसकी मां भी चोटिल हो गईं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, हिन्दवारी गांव निवासी गोरख (18) पुत्र सुरेश पर कुछ लोगों ने घर में घुसकर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गोरख के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर परिजन और आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर मौके से फरार हो गए। इस दौरान बीच-बचाव करने आई मां गीता देवी भी घायल हो गईं।

घायल गोरख को परिजनों की मदद से पहले जिला अस्पताल चंदौली लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें हैं, इसलिए बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घायल युवक के बड़े भाई लालू ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
