[smartslider3 slider="2"]

ढाई करोड़ का गांजा जब्त,ओडिशा से दिल्ली जा रही थी खेप

Connect With Social Media

चंदौली। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और चंदौली पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को हाइवे पर डीसीएम ट्रक से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने करीब 4.99 क्विंटल (499 किलो से अधिक) गांजा जब्त करते हुए दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एएनटीएफ वाराणसी को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली-एनसीआर तक गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। इसी इनपुट पर चंदौली पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने हाइवे पर कटसिला के समीप बाबा ढाबा के सामने सर्विस लेन पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के भीतर छिपाकर रखे गए 18 बोरों में गांजा बरामद हुआ, जिसका वजन कराने पर कुल मात्रा 499 किलो से अधिक निकली।


पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान प्रमोद गुप्ता निवासी गढ़वार थाना क्षेत्र, जनपद बलिया और अक्षय कुमार निवासी नवाबगंज थाना क्षेत्र, जनपद बरेली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप उड़ीसा में लोड की गई थी और इसे गौतमबुद्ध नगर/दिल्ली बॉर्डर तक पहुंचाया जाना था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डीसीएम ट्रक, मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी जब्त की है। पूरे अभियान को सबसे पहले एक स्थानीय समाचार चैनल के कैमरे में कैद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
संयुक्त टीम में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह, एएनटीएफ के आदित्य नारायण सिंह, तरुण कुमार कश्यप, मो. असलम शाह, सुनील कुमार त्रिपाठी, सचिन कुशवाहा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी से जुड़े हर कड़ी तक पहुंचने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!