
चकिया(चंदौली)- चंद्रप्रभा रेंज के राजदरी सेक्शन तलरा क्षेत्र में वन विभाग और प्रशासन ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 हेक्टेयर (लगभग 100 बीघा) जंगल की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। नायब तहसीलदार, रेंजर अखिलेश दुबे और अश्विनी चौबे के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों से अवैध कब्जों को ध्वस्त किया गया।
●वन विभाग के अनुसार राजदरी सेक्शन (तलरा) क्षेत्र में वर्षों से जंगल की जमीन पर अवैध कब्जा कर खेती की जा रही थी। दर्जनों लोगों ने करीब सौ बीघा वन भूमि पर सरसों, तीसी और चना जैसी फसलें बो रखी थीं, जिन्हें कार्रवाई के दौरान हटाते हुए फसलें भी नष्ट कराई गईं। विभाग का कहना है कि पिछले 20–25 वर्षों से प्रभावशाली लोगों के संरक्षण में जंगल की जमीन पर अवैध खेती हो रही थी।

●अधिकारियों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अनसुना करने पर सख्ती बरतते हुए अतिक्रमण हटाया गया। मुक्त कराई गई भूमि पर जल्द ही वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि वन क्षेत्र को दोबारा हरित बनाया जा सके। साथ ही भविष्य में किसी भी तरह के अतिक्रमण पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
●कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चकिया और नौगढ़ तहसील के वन विभाग के अधिकारी, चकिया कोतवाली पुलिस और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
●इस दौरान नायब तहसीलदार, रेंजर अखिलेश दुबे, डिप्टी रेंजर आनंद दुबे, एसएसआई गोबिंद सिंह, वन दरोगा राजकुमार, रामचरित्र, राम आशीष, रिशू चौबे, सदानंद, राजेंद्र सोनकर, शिवबक्श, अमित सिंह, जशवंत सिंह, मनदीप, प्रेम सिंह, जागृति यादव सहित बड़ी संख्या में वनकर्मी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।
