
चंदौली- लगातार चाइनीज मांझे से हो रही दुर्घटनाओ पर योगी सरकार का कड़ा फरमान अब दिखने लगा है। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने ग्राम खण्डवारी चहनिया स्थित एक जनरल स्टोर से पौने 5 किलोग्राम प्रतिबंधित मांझा बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) व क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे न्यू जय माँ काली 99 प्लास्टिक व जनरल स्टोर पर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दुकान से 4.745 किलो प्रतिबंधित चाइनीज/नायलॉन मांझा बरामद किया गया और मौके से रामाश्रय कुमार (32 वर्ष) पुत्र पन्नालाल कुशवाहा निवासी ग्राम रमौली, थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में किया खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पतंगबाजी के मौसम में चाइनीज मांझा बेचकर अच्छा मुनाफा मिलता है, इसी वजह से वह इसकी बिक्री करता था। उसने यह भी बताया कि मांझा उसे वाराणसी से एक व्यक्ति लाकर देता था।
मामला दर्ज, जांच जारी
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना बलुआ में मु0अ0सं0 33/2026 के तहत धारा 293/125/223 बीएनएस व पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5/15 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जमीलुद्दीन खान, उपनिरीक्षक रामबिहारी सिंह, उपनिरीक्षक अमरनाथ साहनी, कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा और कांस्टेबल कृपाशंकर राय शामिल रहे।