[smartslider3 slider="2"]

काली मंदिर के आसपास से हटाया अतिक्रमण: जले-फटे नोट बदलने की अवैध दुकानों पर पुलिस की कार्रवाई

Connect With Social Media

पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)।  काली मंदिर स्थित मुख्य सड़क पर लंबे समय से जमे अतिक्रमण के खिलाफ रविवार को यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। सड़क किनारे खुले में जले-फटे और कटे नोट बदलने की दुकानें सजी थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और कानून-व्यवस्था की स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बनती जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी अस्थायी दुकानों और ठेलों को हटवा दिया।
बताया जा रहा है कि यहां खुलेआम कमीशन पर जले-फटे नोट बदलने का धंधा चल रहा था। सड़क पर दुकानों के फैलाव से आवागमन में दिक्कतें हो रही थीं और भीड़भाड़ के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। पुलिस के अनुसार ऐसी गतिविधियां अपराध को बढ़ावा देती हैं और अवैध लेनदेन की वजह से क्षेत्र में जोखिम बढ़ता है।


संयुक्त कार्रवाई के दौरान नोट बदलने वाले दुकानदारों को सड़क छोड़कर किनारे किया गया और अतिक्रमण हटाकर मार्ग को खाली कराया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण या अवैध कारोबार करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में दुकानें हट गईं, लेकिन पुलिस के जाते ही फिर से स्थिति जस-की-तस होने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने मांग की है कि इस स्थान पर नियमित निगरानी और स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि सड़क पर दोबारा अतिक्रमण न हो और यातायात सुचारु बना रहे।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Comment

error: Content is protected !!