[smartslider3 slider="2"]

चन्दौली: सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी के खिलाफ पुलिस का अभियान, 20 लोगों पर कार्रवाई

Connect With Social Media

चन्दौली। जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी पर रोक लगाने के लिए चन्दौली पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शराब की दुकानों के आसपास व सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, अराजकता फैलाने, जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेड़खानी करने और अवैध अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण के निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। समस्त क्षेत्राधिकारीगण के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर कार्रवाई की।


अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक नुकसान के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही आगे से नशे से दूर रहने की हिदायत दी गई।
इसी क्रम में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 292 के तहत कुल 20 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर आगे भी सख्ती की जाएगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!