
चंदौली- सिविल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव आगामी 13 फरवरी को संपन्न होगा। चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को अध्यक्ष और महामंत्री पद के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अध्यक्ष पद के लिए वीरेंद्र सिंह तथा महामंत्री पद के लिए अरुण कुमार मिश्रा ने अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
न्यायालय परिसर में नामांकन के दौरान खासा उत्साह और गहमागहमी देखने को मिली। फूल-मालाओं से सजे प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन कक्ष पहुंचे और विधिवत अपने पर्चे भरे। नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से बार सभागार कक्ष में चुनाव अधिकारी की देखरेख में प्रारंभ हुई।

अध्यक्ष पद के प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिवक्ता प्रोटेक्शन बिल को पास कराने के लिए ठोस प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए यह कानून अत्यंत आवश्यक है।
वहीं, महामंत्री पद के प्रत्याशी अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि बार की गरिमा और एकता बनाए रखना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने अधिवक्ताओं के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चुनाव अधिकारी कपिल देव सिंह, कामता प्रसाद यादव, विनोद कुमार सिंह, सफीक एडवोकेट, शासकीय अधिवक्ता शशि शंकर सिंह, पूर्व महामंत्री संजीव श्रीवास्तव, उज्जवल सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
