
चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र में वन विभाग ने वन भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे के प्रयास को विफल करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जयमोहनी रेंज के हरियाबांध पुलिस चौकी के दक्षिण वन क्षेत्र में अवैध रूप से बनाए जा रहे मुर्गी फार्म को विभागीय टीम ने ध्वस्त कर दिया।
●मुखबिर की सूचना पर रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि बिना किसी वैधानिक अनुमति के वन भूमि पर पक्का निर्माण, चबूतरा, जाल और पाइप लगाकर कब्जा करने की कोशिश की जा रही थी, जो भारतीय वन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।
●कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद अवैध पक्के निर्माण और चबूतरे को ध्वस्त कर दिया, साथ ही लगाए गए जाल और पाइप भी हटा दिए। संबंधित व्यक्ति को अंतिम चेतावनी देते हुए दो दिन के भीतर वन भूमि को पूरी तरह खाली करने का निर्देश दिया गया है।
●वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटाया गया तो भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने का भी प्रावधान है।

●अभियान में वन दरोगा वीरेंद्र पांडे, सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय, प्रमोद कुमार, चंद्रशेखर यादव, मुलायम और निर्भय सिंह सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने कहा कि वन भूमि की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वन क्षेत्र में अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।