चंदौली- 26 जनवरी, 2026 को 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद के महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के मैदान में जनपद की पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तत्पश्चात शांति एवं सद्भाव का संदेश देते हुए आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।

● इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया तथा मंच से गुजर रही परेड की सलामी ली गई।
17 टोलियों ने किया शौर्य और अनुशासन का प्रदर्शन


●गणतंत्र दिवस परेड में पुलिस के 17 टोलियों सहित अन्य विभागों के दल शामिल रहे। परेड का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नौगढ़ नामेन्द्र कुमार ने किया। द्वितीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय तथा तृतीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक संजय कुमार सिंह रहे। परेड में पुलिस की विभिन्न विशिष्ट टोलियों में पैंथर दस्ता, स्वान दल, कमांडो दल (क्राइम ब्रांच), यूपी-112, एंटी रोमियो स्क्वायड, महिला सशक्तिकरण, एएचटीयू, फील्ड यूनिट, अग्निशमन सेवा सहित पुलिस बैंड ने अनुशासित कदमताल और आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों पर जवानों का जोश और अनुशासन देखते ही बनता था।
विभिन्न विभागों की भव्य झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
●परेड के साथ-साथ चिकित्सा विभाग, पंचायती राज, बाल विकास परियोजना, महिला कल्याण, शिक्षा, कृषि, जल विभाग, ग्राम विकास तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भव्य झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
●कार्यक्रम में विधायक सुशील सिंह, जिला जज दिवाकर चतुर्वेदी, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर आईपीएस, क्षेत्राधिकारीगण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।।विशिष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जनपद चंदौली के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए अति उत्कृष्ट सेवा पदक एवं उत्कृष्ट सेवा पदक–2026 से सम्मानित किया गया।
● इसके अतिरिक्त पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र द्वारा भी सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक चंदौली द्वारा 37 पुलिसकर्मियों, 19 चौकीदारों, सराहनीय कार्य करने वाले 11 गोताखोरों तथा पुलिस को सहयोग प्रदान करने वाले एक सम्मानित नागरिक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।समारोह ने जनपद में देशभक्ति, अनुशासन और सेवा भावना का संदेश दिया। गणतंत्र दिवस के इस भव्य आयोजन ने पुलिस बल के समर्पण और प्रशासनिक एकजुटता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।