
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय गांव के समीप शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। नेशनल हाईवे पार करते समय वह विपरीत दिशा से आ रहे डंपर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
अलीनगर थाना क्षेत्र के चंदौली खुर्द गांव निवासी अजीत कुमार (38) जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के अभिलेखागार में संविदा कर्मचारी था। बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे वह रोज की तरह बाइक से अपने घर से कार्यालय के लिए निकला था।
जैसे ही अजीत सदर कोतवाली क्षेत्र के जगदीश सराय के पास अंडरपास से होकर नेशनल हाईवे पार कर रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद अजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। हादसे के बाद चालक डंपर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर, अजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता श्याम बिहारी, मां राधिका, पत्नी कुसुम वाला और दो पुत्र प्रिंस (11) व डब्बू (9) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस संबंध में सदर कोतवाल बिंदेश्वर पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक हादसे के बाद फरार है। उसकी तलाश के साथ ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।