
चंदौली। जिले के भोगवार गांव में श्री राम स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों की कुल 22 टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना का परिचय दिया, जिससे खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

फाइनल मुकाबले में चतुर्भुजपुर की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं रवि नगर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

टूर्नामेंट के आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना है। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस सफल आयोजन में मनीष तिवारी, पिंकी दुबे, अजय चौहान, कार्तिकेय, गिन्नू और साहिल खान सहित श्री राम स्पोर्टिंग क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों और दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया। फाइनल मुकाबले के समापन के साथ ही खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने विजेता टीम को बधाई दी तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता के सफल आयोजन की सराहना की।