

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बुधवार। स्थानीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं योग प्रेमियों ने सहभागिता की। शिविर का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित पतंजलि योग समिति के वाराणसी जिला योग प्रभारी मुकेश योगी ने कहा कि स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन में योग का अभियान पूरे वर्ष संचालित किया जाता है। उन्होंने बताया कि पार्क में पहले से योग कक्षाएं चल रही थीं, लेकिन अब व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से इसे और विस्तार दिया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से क्षेत्र के लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुकेश योगी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक और प्रभावी पद्धति है। योग के माध्यम से शरीर, मन और चित्त स्वस्थ रहते हैं तथा व्यक्ति सकारात्मक, अनुशासित और निर्व्यसनी जीवन की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अधिकांश समस्याओं का समाधान योग में निहित है।
शिविर में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को न केवल स्वयं योग करने बल्कि समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम को पतंजलि योग समिति, आयुष मंत्रालय से जुड़े प्रतिनिधियों तथा स्थानीय योग प्रशिक्षकों का सहयोग प्राप्त होगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से समय पर पहुंचकर योग शिविर का लाभ उठाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। इस अवसर पर शाखा कार्यवाह अरविंद सिंह, खंड व्यवस्था प्रमुख बृजेश, कमलेश, मिथिलेश, भारत, पारस, सुधा, अंजली, सरोज सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
शिविर का समापन आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।