
चकिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को नगर पंचायत चकिया में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव के नेतृत्व में वार्ड नंबर-5 स्थित श्री राम जानकी मंदिर ठाकुर बाग परिसर में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह रहे। इस अवसर पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाएं नहीं, बल्कि जनभागीदारी से सफल होने वाले सामाजिक दायित्व हैं। प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।
नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान ने देशभर में व्यापक जनजागरण पैदा किया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान कैलाश जायसवाल, राजकुमार जायसवाल, विजय विश्वकर्मा, शुभम मोदनवाल, सुशील पांडेय, सुरेश सोनकर, राजू माली, प्रमोद कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वच्छ, हरित एवं सुंदर चकिया के निर्माण का संकल्प लिया।