[smartslider3 slider="2"]

आज मध्यरात्रि से हटेगा टाण्डाकला–कैथी पीपा पांटून पुल, वाराणसी और मार्कण्डेय महादेव जाने वालों की बढ़ेगी परेशानी

Connect With Social Media


चहनियां। टाण्डाकला और कैथी के बीच गंगा नदी पर बना पीपा पांटून पुल निर्धारित तिथि के अनुसार 15 जून की मध्यरात्रि से हटाया जाएगा। पुल हटने के बाद मार्कण्डेय महादेव मंदिर दर्शन-पूजन एवं वाराणसी जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को नाव अथवा लंबा सड़क मार्ग अपनाना पड़ेगा।
गौरतलब है कि टाण्डाकला और कैथी के बीच गंगा नदी पर इस पीपा पुल का निर्माण फरवरी 2021 में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं चंदौली के पूर्व सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय के प्रयासों से स्थानीय व्यापारियों और श्रद्धालुओं की मांग पर कराया गया था। इस पुल के माध्यम से लोगों को नि:शुल्क आवागमन की सुविधा मिल रही थी, जिससे दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन काफी सुगम हो गया था।


हर वर्ष गंगा के जलस्तर में वृद्धि और वर्षा ऋतु को देखते हुए पीपा पुल को 15 जून तक संचालित किया जाता है, जिसके बाद इसे हटा दिया जाता है। वहीं बाढ़ का पानी कम होने पर अक्टूबर-नवंबर माह में पुनः इसका निर्माण कराया जाता है।
पुल हटने से सबसे अधिक परेशानी स्थानीय व्यापारियों, छात्रों, नौकरीपेशा लोगों तथा मार्कण्डेय महादेव धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को होगी। चार पहिया वाहनों से यात्रा करने वालों को अब चहनियां से चौबेपुर होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा, जबकि कई लोग नाव के सहारे गंगा पार कर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
इस संबंध में घाट दरोगा दीना सिंह ने बताया कि टाण्डाकला–कैथी के बीच स्थित पीपा पांटून पुल को हटाने का आदेश प्राप्त हो चुका है। आदेश के अनुपालन में 15 जून की मध्यरात्रि से पुल हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
पुल हटने की सूचना से क्षेत्रीय लोगों में मायूसी है, वहीं श्रद्धालु और व्यापारी आने वाले दिनों में आवागमन को लेकर वैकल्पिक व्यवस्थाओं की चिंता में हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!