
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। भीषण गर्मी और बदलते मौसम का असर अब बच्चों के स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नगर के चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों बच्चों में सर्दी, जुकाम, बुखार, वायरल फीवर, बैक्टीरियल संक्रमण और निमोनिया जैसी बीमारियों के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। अस्पतालों और क्लीनिकों में बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को उपचार के लिए लेकर पहुंच रहे हैं।
बाल रोग विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव और लापरवाही के कारण बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। डॉक्टरों ने बताया कि तेज धूप से घर लौटने के तुरंत बाद ठंडा या फ्रिज का पानी पीना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे सर्दी-जुकाम और गले से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने सलाह दी कि धूप से आने के बाद कुछ देर आराम करें और फिर सामान्य तापमान का पानी पिएं।

चिकित्सकों ने अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को एसी या कूलर की सीधी हवा से बचाना चाहिए। लगातार ठंडी हवा के संपर्क में रहने से बच्चों में श्वसन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा बाहर निकलते समय बच्चों को सूती तथा हल्के रंग के कपड़े पहनाने की सलाह दी गई है, जिससे शरीर का तापमान संतुलित बना रहे और गर्मी का असर कम हो।
डॉक्टरों का कहना है कि यदि बच्चों में लगातार बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। समय पर उपचार और आवश्यक सावधानियां अपनाकर बच्चों को मौसमी बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।