
पीडीडीयू नगर (मुगलसराय)। थाना मुगलसराय क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर के कुछ ग्रामीणों ने हमीदपुर निवासी निजाम और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित एक शिकायत पत्र तहसील प्रशासन को सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि हमीदपुर निवासी निजाम पुत्र स्वर्गीय मंगरू तथा उनके परिवार के सदस्य क्षेत्र में लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाने, डराने-धमकाने तथा सुलह-समझौते के नाम पर अवैध धन उगाही करने जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि छोटी-छोटी बातों को विवाद का रूप देकर लोगों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जिससे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि परिवार के अन्य सदस्य भी इन कथित गतिविधियों में शामिल हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुराने मामलों तथा हाल ही में दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
इस संबंध में गोपालपुर निवासी सद्दाम हुसैन ने बताया कि मोहल्ले में यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वह संबंधित दस्तावेजों के साथ तहसील पहुंचे और एसडीएम राजीव मोहन सक्सैना को पूरा प्रकरण अवगत कराया।
सद्दाम हुसैन के अनुसार, एसडीएम राजीव मोहन सक्सैना ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा लोगों में व्याप्त भय के माहौल को समाप्त करने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
हालांकि, शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।