

चन्दौली पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए महज 24 घंटे के भीतर तीन नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय में दिनांक 14 अप्रैल 2026 को मु.अ.सं. 169/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत तीन नाबालिग बच्चों के गायब होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी संसाधनों का सहारा लिया और बच्चों की लोकेशन ट्रेस कर जनपद गाजीपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया। संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 अप्रैल 2026 को क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता जनपद पुलिस की सजगता, संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग का प्रतीक है।