[smartslider3 slider="2"]

यूपीपीसीएस में सफलता पर मुगलसराय की कंचन गुप्ता और नीरज मौर्य का सम्मान, सपा विधायक पहुंचे घर

Connect With Social Media


चंदौली। जनपद के प्रतिभाशाली युवाओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से जिले का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीसीएस) परीक्षा में चंदौली के चार अभ्यर्थियों के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सफल अभ्यर्थियों को बधाई देने और उनका उत्साहवर्धन करने के लिए जनप्रतिनिधियों व सामाजिक लोगों का उनके घरों पर तांता लगा हुआ है।
इसी क्रम में शुक्रवार को सकलडीहा से समाजवादी पार्टी के विधायक प्रभुनारायण यादव मुगलसराय पहुंचकर यूपीपीसीएस में चयनित हुईं कंचन गुप्ता के आवास पर पहुंचे। उन्होंने कंचन गुप्ता को गुलदस्ता भेंट कर एवं अंग वस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि कंचन गुप्ता ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे जनपद, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
विधायक प्रभुनारायण यादव ने कहा कि कंचन गुप्ता की इस उपलब्धि के पीछे कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का बड़ा योगदान है। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आगे भी वे इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करें और समाज व देश की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इसके बाद विधायक नई बाजार क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने यूपीपीसीएस परीक्षा में 96वीं रैंक हासिल करने वाले नीरज कुमार मौर्य को भी सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने नीरज मौर्य को अंग वस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। विधायक ने कहा कि जनपद के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही दिशा और निरंतर प्रयास की है।
उन्होंने आगे कहा कि चंदौली के सभी सफल अभ्यर्थियों को उनकी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं हैं। उम्मीद है कि ये सभी युवा आगे चलकर उच्च पदों पर पहुंचकर समाज और राष्ट्र की सेवा करेंगे तथा जिले का नाम और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन मुसाफिर चौहान, नफीस अहमद गुड्डू, औसाफ अहमद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment

error: Content is protected !!