[smartslider3 slider="2"]

रामनवमी पर इलिया कस्बा में भव्य झांकी, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

Connect With Social Media

चकिया । इलिया कस्बा में रामनवमी के पावन अवसर पर गुरूवार को भव्य शोभायात्रा एवं झांकी का आयोजन किया गया। कस्बा स्थित काली माता मंदिर से भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं लक्ष्मण जी की आकर्षक झांकी का शुभारंभ हुआ, जो पूरे कस्बे का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। झांकी को देखने के लिए रास्ते भर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य ने फीता काटकर एवं पूजा-अर्चना कर किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर समाज में भाईचारा और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। झांकी में भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों ने लोगों का मन मोह लिया। भक्ति गीतों और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा कस्बा गुंजायमान रहा।


शोभायात्रा काली माता मंदिर से निकलकर मुख्य बाजार, लेवा रोड, बस स्टैंड सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह जलपान और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की थी।


इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख बंटी सिंह, ग्राम प्रधान सुरेंद्र गुप्ता, सुरेश कुमार, रामटहल, राधा कृष्ण जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, बिगुल गुप्ता, रूपेश कुमार सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
रामनवमी के इस आयोजन से पूरे कस्बा में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!