चकिया- कोतवाली क्षेत्र के छूछाड़ गांव में जमीन से जुड़े पुराने विवाद ने शनिवार शाम हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने 60 वर्षीय प्रभावती देवी नामक वृद्ध महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शनिवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।

●प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जमीन विवाद को लेकर कहासुनी के बाद दबंगों ने महिला पर हमला कर दिया। हमले में प्रभावती देवी के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

●परिजनों ने घायल वृद्ध महिला को तत्काल चकिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार महिला के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। वहीं पीड़ित पक्ष ने कोतवाली में तहरीर देने की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
