[smartslider3 slider="2"]

DDU मंडल ने GAIL Gas Limited से किया समझौता,अब रेलवे कॉलोनियों को मिलेगी PNG सप्लाई

Connect With Social Media

डीडीयू मंडल- ईस्ट सेंट्रल रेलवे के पं दीनदयाल उपाध्याय मंडल और GAIL Gas Limited के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत डीडीयू मंडल की रेलवे कॉलोनियों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन की आपूर्ति की जाएगी। इससे लगभग 4000 रेलवे आवासों को लाभ मिलेगा और जून तक सप्लाई शुरू होने की संभावना है।

इस योजना के अंतर्गत पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के 4 हजार रेल आवासों में PNG सप्लाई शुरू की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सभी रनिंग रूम, डीडीयू जंक्शन पर कार्यरत वेंडर और रेलवे वर्कशॉप को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। यह पहल उनके कार्य में सुविधा, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाएगी।

यह समझौता मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) सूरज कुमार, मंडल अभियंता (मुख्यालय) अजय कुमार सहित GAIL Gas Limited के डिप्टी जनरल मैनेजर रणधीर कुमार मिश्रा, चीफ मैनेजर अजय सेठी और सीनियर मैनेजर श्रीकांत राउत भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहल रेलवे कॉलोनियों में आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने और पर्यावरण के अनुकूल ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। PNG कनेक्शन से रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जो पारंपरिक ईंधनों की तुलना में अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण के लिए बेहतर है।

रेलवे कर्मचारियों से PNG कनेक्शन के लिए कोई रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा। GAIL Gas Limited के अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का पहला चरण जून माह के दूसरे सप्ताह तक शुरू होने की संभावना है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!