
400 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, वीर जवानों और राष्ट्रसेवकों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए किया प्रेरित

चंदौली। राखी पर्व के अवसर पर डाक विभाग की ओर से विद्यार्थियों में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “राखी विशेष अभियान” के तहत चंदौली नगर स्थित एमडीएस पब्लिक स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छोटे-बड़े बच्चों को मिलाकर 400 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय सेना, सीआरपीएफ, उत्तर प्रदेश पुलिस, महिला पुलिस, प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, वैज्ञानिकों सहित अपने प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए राखी, धन्यवाद पत्र, शुभकामना संदेश और अपने मन की बात भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
डाक विभाग चंदौली के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव श्री दिनेश तिवारी ने विद्यार्थियों को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि डाक विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए 10 रुपये के विशेष राखी लिफाफे के माध्यम से विद्यार्थी देश की सेवा में समर्पित जवानों और अन्य प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों तक अपना स्नेह एवं संदेश पहुंचा सकते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री कृष्णा तिवारी ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता, कृतज्ञता और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव भी सिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से देश की रक्षा और सेवा में समर्पित वीर जवानों एवं राष्ट्रनिर्माण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान और आभार भी व्यक्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्री सी.एल. गुप्ता, श्री दीपक मुखर्जी, श्री प्रकाश मणि त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
राखी के पावन अवसर पर आयोजित यह अभियान विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, सम्मान और कृतज्ञता की भावना से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।