
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने खाली गैस सिलेंडर कंधों पर उठाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है, जिससे आम आदमी परेशान है।
सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है और प्रशासन की मिलीभगत से जमाखोरी को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसे संकट के समय में ठोस समाधान की जरूरत है, न कि केवल बयानबाजी की।
वहीं सपा नेता मनोज सिंह ‘काका’ ने कहा कि गैस सिलेंडर न मिलने के कारण कई घरों में चूल्हे नहीं जल पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो सपा कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

प्रदर्शन के बाद सपाइयों ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
सपा नेताओं ने यह भी कहा कि आगामी त्योहारों—ईद और रामनवमी—के मद्देनजर गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, अन्यथा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
प्रदर्शन में संतोष यादव, चंद्रशेखर यादव, मुसाफिर चौहान, संजय सोनकर, अजय मौर्या, अशोक त्रिपाठी ‘छोटू’, अशफाक अहमद सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।