
चंदौली जिले के चकिया क्षेत्र में अवैध खनन की खबर कवरेज करने पहुंचे एक मीडियाकर्मी पर खनन माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मीडियाकर्मी विवेक कुमार भारती को शिकारगंज क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिली थी। सूचना पर वह मौके पर कवरेज के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद खनन माफियाओं ने एकजुट होकर उन पर हमला कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।
हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल पत्रकार को जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार अस्पताल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन कर आक्रोश जताया।
पीड़ित के परिजनों ने चकिया कोतवाली में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन का कारोबार चल रहा है और इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को अक्सर धमकियां दी जाती हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है। मीडियाकर्मी संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।