
चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 15 दिनों के भीतर 4.28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने स्वाट टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव के नेतृत्व में टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया। टीम ने कुल 22,999 लीटर अवैध शराब बरामद की, जो विभिन्न ट्रकों में अलग-अलग तरीकों से छिपाकर ले जाई जा रही थी।
कार्रवाई के क्रम में 2 मार्च को आलू से लदे एक ट्रक से 1028 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। यह शराब आलू की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके बाद 9 मार्च को कागज के गट्ठरों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 849 पेटी शराब बरामद की गई, जिसकी मात्रा 7473.6 लीटर और कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये थी।
इसी क्रम में 14 मार्च को एक और बड़ी कार्रवाई में नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 710 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। यह खेप ट्रक में पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाई गई थी। इसकी कुल मात्रा 6325.92 लीटर और कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई।
एसपी आदित्य लांघे ने स्वाट टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ इसी तरह सख्ती जारी रहेगी। उन्होंने टीम के मनोबल को बढ़ाने के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की और भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और तेज करने के निर्देश दिए।