
चंदौली जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुगलसराय थाना पुलिस ने चकिया तिराहे के पास से 38 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक टाटा मैजिक वाहन से गांजा वाराणसी ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर 17 मार्च 2026 को सुबह करीब 05:35 बजे चकिया तिराहे पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी दौरान गोधना बाईपास की ओर से आ रही एक संदिग्ध टाटा मैजिक को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में रखे जले हुए मोबिल के ड्रमों के अंदर टेप से पैक किए गए कुल 38 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में 38 किलोग्राम गांजा पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
मौके से वाहन चालक निरंजन कुमार और उसके साथी राजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मध्य प्रदेश के हनुमना से वाराणसी के पहड़िया तक गांजा पहुंचाने के लिए 14 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। पुलिस से बचने के लिए गांजे को मोबिल के ड्रमों में छिपाकर ऊपर से जला हुआ मोबिल डाल दिया गया था, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय कुमार, मुंशी यादव समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे।
