[smartslider3 slider="2"]

सकलडीहा में 10 दिनों से पेयजल संकट,जल निगम के खिलाफ धरना तेज 

Connect With Social Media

सकलडीहा(चंदौली)-सकलडीहा कस्बे में पिछले 10 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। रविवार सुबह कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ जल निगम के खिलाफ धरने पर बैठ गए। उनके समर्थन में उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी, व्यापारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी शामिल हो गए।


धरना टिमिलपुर स्थित जल निगम के पंप हाउस पर जारी है, जहां प्रदर्शनकारियों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि जल निगम का स्टार्टर पिछले 10 दिनों से खराब पड़ा है, जिसके चलते सकलडीहा कस्बा समेत दर्जनों गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण परेशानी के बीच लोग हैंडपंपों पर लंबी कतारों में खड़े होने को मजबूर हैं।


आगामी होली पर्व को देखते हुए लोगों की चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ते जा रहे हैं। इस मुद्दे पर पहले अधिकारियों से वार्ता भी की गई, लेकिन संतोषजनक समाधान न मिलने पर धरना शुरू कर दिया गया। देवेंद्र प्रताप सिंह ‘मुन्ना’ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो चंदौली सैदपुर स्टेट हाईवे को जाम कर दिया जाएगा।


धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे, लेकिन मुन्ना ने स्पष्ट कहा कि जब तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं होती, धरना जारी रहेगा।


इस बीच प्रभुनारायण यादव भी धरना स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में शामिल हो गए वहीं जल निगम के जेई अवधेश कुमार ने बताया कि खराबी को दूर करने का कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


धरने में उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार गुप्त, अमित सिंह, नंदन, राहुल कश्यप, अशोक कुमार (ग्राम प्रधान प्रतिनिधि टिमिलपुर), लक्ष्मण यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद।

Leave a Comment

error: Content is protected !!