[smartslider3 slider="2"]

डीडीयू मंडल व चंदौली जिला प्रशासन के बीच प्रथम समन्वय बैठक आयोजित

Connect With Social Media

चंदौली।( अशोक कुमार जायसवाल) रेल क्षेत्र में सुगमता, सुरक्षा एवं यात्रियों की सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल एवं चंदौली जिला प्रशासन के बीच प्रथम समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता डीडीयू मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में की।

बैठक में डीडीयू मंडल की विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम (जे)/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, पीडीडीयू नगर राजीव मोहन सक्सेना, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी श्री बाल गोविंद तथा नगर पालिका पीडीडीयू नगर के एसएफआई शत्रुंजय कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रवेश-निकास व्यवस्था एवं साइनेज पर जोर

बैठक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने पर विशेष चर्चा हुई। संकीर्ण प्रवेश द्वार तथा गैर-यात्रियों द्वारा होने वाले अवरोध से यात्रियों को हो रही असुविधा पर चिंता व्यक्त की गई। स्टेशन की पहुंच को आसान बनाने के लिए मुख्य सड़कों पर स्पष्ट संकेतक (साइनेज) लगाए जाने का सुझाव भी रखा गया, ताकि बाहरी यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में कठिनाई न हो।

अतिक्रमण, जल निकासी व स्वच्छता पर मंथन

रेलवे भूमि पर अतिक्रमण एवं अनधिकृत निर्माण के मामलों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इससे रेलवे संपत्ति की सुरक्षा और उपयोगिता प्रभावित होती है। रेलवे कॉलोनियों के आसपास अनधिकृत नाली निर्माण तथा सट्टी क्षेत्र के निकट मुख्य नाली की नियमित सफाई और बेहतर प्रबंधन पर भी सुझाव दिए गए, जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारू रह सके। कचरा प्रबंधन एवं अनियंत्रित डंपिंग की समस्या पर भी चर्चा हुई। स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं रेलवे क्षेत्र की सौंदर्यता को ध्यान में रखते हुए संयुक्त कार्ययोजना बनाने पर सहमति बनी।

भीड़ प्रबंधन व आपातकालीन व्यवस्था पर सहयोग

त्योहारों एवं विशेष अवसरों पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए प्रभावी भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन से समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर दोनों पक्ष सहमत दिखे। इसके अतिरिक्त रेलवे क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।

नियमित समन्वय पर सहमति

बैठक के अंत में रेलवे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भविष्य में नियमित समन्वय बैठकों के आयोजन पर सहमति व्यक्त की, ताकि रेल क्षेत्र से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान हो सके और यात्रियों तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Comment

error: Content is protected !!